जलगंगा अभियान के समापन का बनेगा साक्षी स्नान पूर्णिमा महोत्सव, इस्कॉन में होगा भगवान जगन्नाथ का महाअभिषेक।

उज्जैन।उज्जैन इस्कॉन मंदिर में 29 जून को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी की दिव्य स्नान यात्रा भव्य रूप से आयोजित होगी। इस वर्ष का आयोजन खास इसलिए भी है क्योंकि इसे मध्यप्रदेश शासन के चार माह तक चले जलगंगा संवर्द्धन अभियान के समापन उत्सव से जोड़ा गया है।जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजन के दौरान प्रदेशभर की पवित्र नदियों, सरोवरों और तीर्थों के जल से भगवान श्री जगन्नाथ का महाअभिषेक किया जाएगा। इसे जल संरक्षण, जल संवर्धन और सनातन परंपरा के संगम के रूप में देखा जा रहा है। सुबह 7:30 बजे पांडु-विजय कीर्तन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद भगवान का दिव्य अभिषेक, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद वितरण होगा। श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भगवान जगन्नाथ का अभिषेक करने का दुर्लभ अवसर भी मिलेगा।

महाअभिषेक के बाद भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के दिव्य गजवेश दर्शन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं शाम को इस्कॉन के वरिष्ठ संत परम पूज्य भक्ति चारू स्वामी महाराज की 49वीं संन्यास वर्षगांठ भी श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।
इस्कॉन प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की 108 रथ यात्राओं में उपयोग होने वाले रथों का प्रदर्शन और बच्चों के लिए तैयार किए गए विशेष छोटे रथ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।



