
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन की सिंधी कॉलोनी स्थित क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने अवसर पर कहा कि आज अमर शहीद हेमू कॉलोनी का बलिदान दिवस है। उन्होंने मात्र 19 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि हेमू कालाणी सहित अन्य क्रांतिकारियों के अथक प्रयासों से एक हजार साल के लगभग का गुलामी का काल खत्म हुआ। हर शताब्दी में भारत माता की गोद में विदेशी आक्रंताओं से लड़ने वाले वीर शहीदों ने जन्म लेकर भारतीय संस्कृति की रक्षा कर जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी को चरितार्थ किया है। अंग्रेजी आक्रंताओं ने 64 ट्रीलियन डॉलर से अधिक धन भारत से लूटा। हमारे अमर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर अंग्रेजों को देश से भगाकर इस लूट को रोका था।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे इसके लिए उज्जैन सहित प्रदेश के अन्य धार्मिक नगरों में जल्द ही पूर्ण शराब बंदी की जाएगी। हमारा संपूर्ण ध्यान धार्मिक, प्राकृतिक व सांस्कृतिक पर्यटन को प्रदेश में बढ़ावा देने पर है। इससे प्रदेशवासियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और प्रदेश का चहुंमुखी विकास होगा।इस दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेडा, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



