देश-दुनियाधर्मप्रदेशयोजनाएं

कलेक्टर रौशनकुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पंचकोशी यात्रा मार्ग का किया दौरा।

उज्जैन। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पंचकोशी यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं, मार्गों की स्थिति, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने श्री नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के साथ की। इसके पश्चात उन्होंने यात्रियों के आगमन एवं प्रस्थान मार्ग का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने इसके पश्चात पिंगलेश्वर महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज के आसपास के मार्ग को दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।

त्रिवेणी शनि मंदिर पड़ाव स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने त्रिवेणी घाट की सफाई, फव्वारों की स्थापना एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि समस्त कार्य 19 अप्रैल तक पूर्ण किए जाएं। कलेक्टर ने करोहन पड़ाव स्थल पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि पड़ाव स्थल पर आवश्यक सुविधाएं, विशेषकर स्वच्छता को प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। नलवा पड़ाव स्थल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (P.H.E) विभाग को यात्रियों हेतु शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अम्बोदिया स्थित बिल्केश्वर महादेव मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की तथा संबंधित अधिकारियों को अम्बोदिया पहुंच मार्ग की मरम्मत एवं मार्ग की लेवलिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल तक समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं। पड़ाव स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सेवा धाम आश्रम, अम्बोदिया के संचालक  सुधीरभाई गोयल द्वारा नवागत कलेक्टर का सम्मान किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, सीईओ जिला पंचायत जयति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने यहां बिल्वकेश्वर महादेव के दर्शन और पूजन अर्चन भी किया।

कलेक्टर ने कालियादेह महल पड़ाव स्थल का निरीक्षण कर बावन कुंड का अवलोकन किया। उन्होंने नगर पालिक निगम के अधिकारियों को श्रद्धालुओं हेतु शावर की स्थापना तथा घाट की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचकोशी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु सभी विभाग समन्वयित प्रयास करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button