आयुष्मान योजना के तहत बुजुर्गों को मिलेगा इलाज
70 वर्ष या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को मिलेगा योजना का लाभ, जिले में 1 लाख 58 हजार 551 बुजुर्गों का पंजीयन किया

उज्जैन. केंद्र सरकार द्वारा देश में 70 वर्ष या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना में शामिल किया जा रहा है। उज्जैन जिले में योजना के तहत 1 लाख 58 हजार 551 बुजुर्गों का पंजीयन किया, अब एपीएल हो या बीपीएल सभी को 5 से 10 लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज का लाभ मिलेगा। प्रदेश के साथ ही उज्जैन में भी बुजुर्गों के लिए आयुष्मान योजना के कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
चरक अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर एक चैंबर तैयार किया गया है। यहां बुजुर्ग कार्यालय समय में जरूरी दस्तावेजों के साथ आकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। जिला स्तर के साथ ही तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके लिए 1965 कर्मचारी और अधिकारी तैनात किए गए हैं।
ये दस्तावेज हैं जरूरी
70 साल या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान योजना कार्ड बनवाने के लिए समग्र आईडी और मोबाइल नंबर से जुड़ा आधार कार्ड लाना जरूरी है। पोर्टल पर एंट्री के बाद आयुष्मान कार्ड बनता है। इसकी पीडीएफ ऑपरेटर द्वारा मोबाइल पर दी जाती है, जिसे किसी भी दुकान से प्रिंट कराया जा सकता है। इसके अलावा समग्र आईडी और आधार कार्ड से ऑनलाइन दुकान से भी आयुष्मान कार्ड का प्रिंट लिया जा सकता है। यहां बन रहे हैं आयुष्मान कार्ड चरक अस्पताल के अलावा एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र पर भी 70 प्लस उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान योजना कार्ड बनाए जा रहे हैं। यहां भी जरूरी दस्तावेज ले जाना जरूरी है। लोक सेवा केंद्र और एमपी ऑनलाइन पर मामूली शुल्क लिया जा सकता है, लेकिन सरकारी केंद्र पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता।
अनुबंधित अस्पतालों में होगा इलाज
केंद्र सरकार की योजना के अनुसार एपीएल बुजुर्गों को अनुबंधित अस्पतालों में 5 लाख रुपए और बीपीएल बुजुर्गों को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। कार्ड का इस्तेमाल अनुबंधित अस्पतालों में ही किया जा सकेगा। इस समय चरक अस्पताल में आयुष्मान योजना का कार्ड बनवाने के लिए 15 से 20 लोग पहुंच रहे हैं।



